पुलिस ने थरवई से पकड़ा, 25 सदस्य पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
प्रयागराज। थरवई के खेवराजपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार का इनामी बुंदेला उर्फ सारंगी(22) शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह तीन महीने से फरार चल रहा था। पुलिस का दावा है कि वह कुख्यात खरवार गैंग का सदस्य है जो न सिर्फ थरवई बल्कि फाफामऊ के गोहरी में एक परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में शामिल था। बताया कि उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पकड़ा गया बुंदेला मूल रूप से बिहार के भोजपुर जनपद स्थित विहियां थाना केचौरअस्था धरहरा का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि उसे थरवई के सरायचंडी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में बताया है कि खेवराजपुर व गोहरी दोनों सामूहिक हत्याकांडों में वह अपने गिरोह के अन्य लोगों के साथ शामिल था। गिराह का सरगना नबला खरवार है जो अन्य साथियों संग पहले ही जेल भेजा जा चुका है। गौरतलब है कि देानों हत्याकांडों में पहले ही कुल 25 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से एक नाबालिग है जो बाल सुधार गृह में निरुद्ध है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छह मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। जिनमें चोरी व डकैती के भी मामले शामिल हैं।