आगामी जुमे पर मस्जिदों में तैनात होंगे वालंटियर
सिटी मजिस्ट्रेट के पास होगी सूची, अफसरों व धर्मगुरुओं की बैठक में निर्णय
प्रयागराज। आने वाले शुक्रवार को सभी मस्जिदों में वालंटियर तैनात किए जाएंगे। वह यह सुनिश्चित करेंगे की नमाजियों की आड़ में अराजक तत्व न प्रवेश करने पाएं। इनकी सूची सिटी मजिस्ट्रेट के पास भी होगी। डीएम संजय कुमार खत्री की मुस्लिम धर्मगुरुओं संग हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। डीएम ने सौहार्र्द बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटने की बात भी कही।
पिछले शुक्रवार को हुए बवाल तथा प्रशासनिक कार्रवाई के बाद से ही माहौल गंभीर बना हुआ है। ऐसे में आगामी शुक्रवार को जिले का माहौल न बिगड़ने पाए, इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। इसी क्रम में डीएम ने बुधवार देर रात मुस्लिम धर्मगुरुओं संग वार्ता की। डीएम ने धर्मगुरुओं से सौहार्र्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि अफवाहों से भी दूर रहें। बैठक में धर्मगुरुओं से सुझाव मांगे गए। इसी क्रम में करेली मस्जिद के प्रबंधक पखरूल हसन काशमी ने बताया कि हमने अपनी मस्जिदों में पहले से ही वालंटियर तैनात किए हैं और वह सभी लोग समझदारी के साथ काम कर रहे हैं। इस पर डीएम ने सभी मस्जिदों में वालंटियर्स की तैनाती करके सूची सिटी मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराने को कहा। एसएसपी अजय कुमार ने धर्मगुरुओं से शांति बनाए रखने में मदद की अपील की। बैठक में एडीएम सिटी मदन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट गौरव श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारीगण एवं मुस्लिम धर्मगुरु उपस्थित रहे।