लेखराजपुर गांव में ट्रांसफाॅर्मर जलने से पिछले पांच दिनों से ग्रामीणों में बिजली को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी में बिजली के साथ-साथ जलापूर्ति भी ठप होने से ग्रामीणों में विभागीय अफसरों व कर्मचारियों के प्रति भारी असंतोष व्याप्त है।
लेखराजपुर गांव में नई झूंसी बिजली उपकेंद्र के देहात फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। बीते 13 मई को आई आंधी के दौरान बिजली के तार और खंभा गिरने के साथ ही ट्रांसफाॅर्मर भी खराब हो गया। तभी से गांव के तकरीबन 250 घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने बिजली विभाग के आला अफसरों के साथ ही फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल से भी गुहार लगाई लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ।
इससे नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने रविवार की शाम बिजली उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। ग्रामीणों की भारी संख्या देखकर उपकेंद्र में मौजूद बिजलीकर्मी ताला बंदकर वहां से फरार हो गए। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अफसरों के साथ ही जन प्रतिनिधियों के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।