बंच वायर में ब्लास्ट होने से 12 घंटे तक 300 से अधिक घरों की बिजली सप्लाई बाधित रही। बिजली सप्लाई रविवार दोपहर बहाल हुई। सप्लाई बाधित होने से लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ा।
इंदलपुर उपकेंद्र से जुड़े तिगनौता, मन्ना का पुरावा मोहल्ले में सप्लाई के लिए लगाया गया बंच वायर लोड अधिक होने के कारण शनिवार रात करीब 10 बजे ब्लास्ट कर गया। सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने वायर की मरम्मत कर सप्लाई फिर से चालू की लेकिन कुछ ही देर में दोबारा ब्लास्ट हो गया।
इसके कारण 300 घरों में सप्लाई बंद हो गई। रविवार दोपहर बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी। इंदलपुर उपकेद्र के जेई मंगला प्रसाद ने बताया कि बंच वायर में ब्लास्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी जिसे सही कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। गर्मी में बिजली की मांग के कारण कटौती बढ़ गई है। इस कारण शहरी फीडर से जुड़े मोहल्लों में आपूर्ति बाधित हो रही है। टीएसएल उपकेंद्र, सोमेश्वर नाथ उपकेंद्र, परेर हॉट उपकेंद्र, जेल रोड उपकेंद्र से जुड़े मोहल्ले में यह समस्या काफी बनी हुई है।