प्रयागराज में विश्व हिंदू परिषद की ओर से शनिवार को माघ मेला क्षेत्र के परेड ग्राउंड में भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह और प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। इस दौरान विहिप शिविर में होने वाले कार्यक्रम का खाका खींचा गया। कहा गया कि शिविर में आयोजित संत सम्मेलन में इस बार धर्मांतरण रोकने पर चर्चा होगी।
इस सम्मेलन में गौ, गंगा, गायत्री की रक्षा पर भी मंथन होगा।इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने बताया कि माघ मेला अवधि में विहिप की ओर से तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरूआत 19 जनवरी 2020 से होगी। इस दौरान प्रांत कार्यकर्ता सम्मेलन, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र चिंतन शिविर, दुर्गा वाहिनी, मातृ शक्ति शिविर, सत्संग शिविर, समरसता शिविर, धर्माचार्य सम्मेलन होगा।
20 जनवरी को मार्गदर्शक मंडल की बैठक, 21 जनवरी को संत सम्मेलन होगा। साथ ही विहिप में 300 से ज्यादा वेद विद्यार्थी के लिए भी कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर सांसद केशरी देवी पटेल, विमल प्रकाश, मोहन लाल, सुरेश अग्रवाल, अजय गुप्ता, दिवाकर नाथ त्रिपाठी, अमित पाठक, लालमणि तिवारी, सुशील राय, अश्वनी मिश्र, गौरव जायसवाल, प्रभाशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।