प्रयागराज से माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। जम्मू रूट की ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने उधमपुर के लिए एक और स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। इसकी समय सारिणी बृहस्पतिवार की देर शाम जारी की गई। प्रयागराज से 04137 सूबेदारगंज-उधमपुर का संचालन प्रत्येक रविवार 28 मई से 25 जून तक होगा।
यहां के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से इसकी रवानगी शाम 4.05 बजे होगी। ट्रेन फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, खुर्जा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट रुकते हुए सोमवार सुबह 11.20 बजे जम्मूतवी पहुंचेंगी। वहां दस मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 12.40 बजे ट्रेन उधमपुर पहुंच जाएगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04138 उधमपुर से प्रत्येक सोमवार 29 मई से 26 जून की दोपहर 3.40 बजे चलकर शाम 4.35 बजे जम्मूतवी पहुंचेंगी। वहां से शाम 4.40 बजे ट्रेन रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12.55 बजे सूबेदारगंज पहुंच जाएगी।
एनसीआर के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि 21 कोच की स्पेशल ट्रेन में स्लीपर के 11, सामान्य श्रेणी के छह, एसी टू कम एसी थ्री का एक, एसएलआर श्रेणी के दो एवं एसी टू का एक कोच रहेगा।