दस साल में कई अभ्यर्थी हो चुके हैं सेवानिवृत्त
प्रयागराज। प्रधानाचार्य भर्ती परीक्षा 2011 के घोषित परिणाम में कई ऐसे अभ्यर्थी भी हैं जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वहीं तमाम ऐसे शिक्षक भी हैं जो कुछ महीने तक ही प्रधानाचार्य का पद संभालेंगे। इन अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर समय से परिणाम जारी हुआ होता तो वह कई साल तक प्रधानाचार्य का पद संभालते।
कानपुर मंडल का अभी तक नहीं हुआ है साक्षात्कार
प्रयागराज। प्रधानाचार्य भर्ती परीक्षा 2011 में कई मंडलों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। शेष तीन मंडलों का परिणाम भी जल्द आ जाएगा। लेकिन अभी तक कानपुर मंडल का साक्षात्कार नहीं हुआ है। ऐसे में अब उम्मीद जताई जा रही है कि चयन बोर्ड प्रधानाचार्य भर्ती परीक्षा 2011 के कानपुर मंडल का साक्षात्कार प्रधानाचार्य भर्ती परीक्षा 2013 के साथ कराएगा।
सीआईसी के उप प्रधानाचार्य बने प्रिंसपल
जिले के कर्नलगंज इंटर कॉलेज में उप प्रधानाचार्य डॉ. लालजी यादव का भी चयन बुधवार को घोषित परिणाम में प्रधानाचार्य पद पर हुआ है। उनका चयन बांदा जनपद के परमहंस रणछोड़ दास इंटर कॉलेज खपटिहा में हुआ है। वह जिला विज्ञान क्लब प्रयागराज के कोऑर्डिनेटर हैं। वर्ष 2015 में उन्हें राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी की ओर से सर्वश्रेष्ठ विज्ञान शिक्षक का अवार्ड मिला है।
प्रवक्ता 2021 हिंदी के रिजल्ट में संशोधन, 15 नए अभ्यर्थियों का होगा इंटरव्यू
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड प्रयागराज के परीक्षा नियंत्रक और उप सचिव नवल किशोर ने बताया कि 2021 प्रवक्ता के घोषित रिजल्ट को बुधवार को संशोधित किया गया है। इसमें से 15 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं और 15 अभ्यर्थी रिजल्ट से बाहर हो गये हैं। इनके साक्षात्कार 8 जनवरी 2022 को होंगे।