ईएनटी डॉक्टर के 75 पदों में से 32 पद अनारक्षित, 20 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 15 पद अनुसूचित जाति, सात पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और एक पद अनुसूचित जनजाति श्रेणी के लिए आरक्षित था। बीते छह एवं सात सितंबर को हुए साक्षात्कार के आधार पर आयोग ने 46 अभ्यर्थियों को श्रेष्ठताक्रम के अनुसार सफल घोषित किया है।
उतर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने चिकित्सा एवं स्वारुथ्य सेवा विभाग के तहत एलोपैथिक चिकित्साधिकारी श्रेणी-2 (लेवल-2) ईएनटी के 75 पदों पर सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया। आयोग ने 46 पदों पर अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया है, जबकि 29 पद खाली रह गए।
विज्ञापन
ईएनटी डॉक्टर के 75 पदों में से 32 पद अनारक्षित, 20 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 15 पद अनुसूचित जाति, सात पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और एक पद अनुसूचित जनजाति श्रेणी के लिए आरक्षित था। बीते छह एवं सात सितंबर को हुए साक्षात्कार के आधार पर आयोग ने 46 अभ्यर्थियों को श्रेष्ठताक्रम के अनुसार सफल घोषित किया है। मेरिट में टॉप फाइव पर वेद प्रकाश उपाध्याय, सिद्धार्थ गौतम सिंह, मोहिनी सिंह, शैलेंद्र गौतम एवं श्रेया के नाम शामिल हैं। सफल घोषित किए गए जिन अभ्यर्थियों के नाम के आगे प्रोविजनल शब्द अंकित है, उनका चयन औपबंधिक रूप से हुआ है। ऐसे अभ्यर्थियों को आयोग में वांछित अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।
आयोग के उप सचिव विनोद कुमार सिंह के अनुसार 75 पदों में से अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 15 पदों के मुकाबले उपलब्ध पांच अभ्यर्थियों, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित 20 पदों के सापेक्ष उपलब्ध नौ अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित सभी सातों पदों और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित एक पद के लिए कोई अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं था। इस प्रकार अन्य पिछड़ा वर्ग के 11, अनुसूचित जाति के 10, अनुसूचित जनजाति का एक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित सात पद खाली रह गए। रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पुनर्विज्ञापन की संस्तुति की गई है।