उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने कंप्यूटर सहायक (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग) परीक्षा-2013 और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी पद पर चयनित एक-एक अभ्यर्थी का चयन निरस्त कर दिया है। उनकी जगह नए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार कंप्यूटर सहायक के पदों पर 13 का अंतिम चयन परिणाम 18 नवंबर 2020 को जारी किया था। क्रमांक छह पर औपबंधिक रूप से सफल
घोषित किए गए अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी विकास सिंह पटेल अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो सके थे, जिससे उनका चयन निरस्त कर दिया गया। विकास के स्थान पर अन्य वर्ग के नीरज को औपबंधिक रूप से चयनित घोषित किया गया है और निर्धारित समय में अभिलेख सत्यापन कराने को कहा गया है।
वहीं, कंप्यूटर ग्रेड-बी के पद पर औपबंधिक रूप से सफल घोषित किए गए दीपक कुमार का चयन अर्हता धारित न करने के कारण निरस्त किया गया है। दीपक की जगह प्रिया रावत को औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है। प्रिया को शैक्षिक अर्हता आदि सेसंबंधित अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा।
प्रोन्नति के लिए चयन समिति की बैठक 12 को
उत्तर प्रदेश विशेष अधीनस्थ शैक्षिक सेवा के तहत (प्रवक्ता संवर्ग) पुरुष शाखा में पदोन्नति द्वारा चयन के लिए चयन समिति की बैठक 12
अक्तूबर को अपराह्न 12.30 बजे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज में आयोजित की जाएगी। आयोग के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश मिश्र ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) नियुक्ति-2 अनुभाग को पत्र भेजकर यह जानकारी दी है। प्रवक्ता संवर्ग पुरुष शाखा के 10 विषयों के 794 पदों पर प्रोन्नति के लिए चयन की प्रक्रिया पूरी होनी है।