प्रयागराज। यूपीपीएससी ने बृहस्पतिवार को प्रवक्ता सिविल अभियंत्रण के 86 पदों पर साीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। इन पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू मार्च में शुरू कराया गया था, लेकिन लॉकडाउन के कारण बीच में ही इसे स्थगित कर दिया गया। बाकी अभ्यर्थियों को साक्षात्कार जून में पूरा गया और इसके बाद आयोग ने परिणाम जारी किया।
आयोग की ओर से श्रेष्ठताक्रम में जारी किए गए रिजल्ट में रणधीर चौहान को पहला स्थान मिला है, जबकि जय कुमार वार्ष्णेय दूसरे और नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। प्रवक्ता सिविल अभियंत्रण के 86 पदों में 43 पद अनारक्षित, 22 पद ओबीसी, 19 पद एससी और दो पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। हालांकि, एसटी श्रेणी के लिए आरक्षित दो पदों के सापेक्ष उपलब्ध एकमात्र अभ्यर्थी को यथास्थान चयन किया गया और इस श्रेणी के एक रिक्त पद को अनुसूचित जाति श्रेणी के अभ्यर्थी से भरा गया। इन पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 16, 17, 18, 99, 20 एवं 21 मार्च को आयोजित किए थे। लॉकडाउन के कारण इंटरव्यू बीच में रोक दिया गया था। बाकी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15, 16, 17, 18 जून को आयोजित किया गया।
पांच विषयों में प्रवक्ता के 27 पदों का रिजल्ट जारी
प्रयागराज। यूपीपीएससी ने उत्तर प्रदेश विशेष अधीनस्थ शिक्षा सेवा के तहत पांच विषयों में प्रवक्ता के 27 पदों का परिणाम घोषित कर दिया। इन पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 22 एवं 23 जून को आयोजित किया गया।
प्रवक्ता गणित (महिला संवर्ग) के नौ पदों के मुकाबले सात अभ्यर्थियों का चयन हुआ। पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण अनारक्षित वर्ग का एक पद और ओबीसी वर्ग का एक पद खाली रह गया। आयोग की ओर से श्रेष्ठताक्रम में जारी किए गए परिणाम में प्रतिभा भदौरिया, प्रिंसी सिंह, शालिनी शर्मा, श्वेता कुमारी, आफरीन अख्तर, विभा सिंह, दीपिका का चयन हुआ। वहीं, प्रवक्ता समाजशास्त्र (पुरुष/महिला संवर्ग) के एक अनारक्षित पद पर रजनीश सिंह को चयनित घोषित किया गया है।
इसके अलावा प्रवक्ता भूगोल (पुरुष संवर्ग) के पांच पदों पर श्रेष्ठताक्रम में सुजीत कुमार पाठक, भगवान दास पाल, रोहित कुमार सिंह, कन्हैया प्रसाद एवं मनीष कुमार, प्रवक्ता वाणिज्य (पुरुष संवर्ग) के पांच पदों पर जितेंद्र यादव, शेख मोहम्मद अफसर, विमलेश कुमार वर्मा, सच्चिदा नंद एवं रमेश कुमार और प्रवक्ता जीव विज्ञान (महिला संवर्ग) के सात पदों पर प्रीति माला, स्वस्ती श्रीवास्तव, अनीता राय, ऋचा अग्रवाल, स्मिता मिश्रा, रीता तिवारी एंव डिंपल कुमारी को चयनित घोषित किया गया है।
जल विज्ञानी के 14 पदों का रिजल्ट जारी
प्रयागराज। यूपीपीएससी ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश भूगर्भ जल (अभियंता और वैज्ञानिक) सेवा में समूह ‘ख’ के तहत जल विज्ञानी (भूगर्भ विज्ञान) के 14 पदों का परिणाम घोषित किया। इसका साक्षात्कार 19 एवं 20 जून को आयोजित किया गया था। आयोग की ओर से श्रेष्ठताक्रम में जारी किए गए परिणाम में पीयूष कुमार पांडेय, विश्वजीत सिंह, रवि शंकर पटेल, अर्चना सिंह, अंकिता राय, अविरल कुमार सिंह, रागिनी सरस्वती, आनंद प्रकाश, नूपुर गुप्ता, आशीष कुमार सिंह चौधरी, सपना सिंह, अजीत कुमार कनौजिया, श्वेता गुप्ता एवं अक्षय कुमार का चयन हुआ है।