पीसीएस के 254 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा इस वर्ष 26 से 29 सितंबर तक प्रयागराज और लखनऊ के केंद्रों में आयोजित की गई थी। पीसीएस के 20 प्रकार के 254 पदों में से छह प्रकार के 104 पद ऐसे हैं, जिन पर चयन केवल लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाना है। तीन माह के भीतर मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया गया है जो एक रिकॉर्ड है।
पांच जिलों के 231 केंद्रों में होगी एपीएस भर्ती परीक्षा
अपर निजी सचिव (एपीएस) परीक्षा-2023 के तहत पहले चरण की परीक्षा सात जनवरी को आयोजित की जानी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शुक्रवार को अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए। परीक्षा सुबह 9.30 से अपराह्न 12.30 बजे की पाली में होगी।परीक्षा के लिए प्रयागराज, कानपुर नगर, मेरठ, लखनऊ और गोरखपुर के 231 केंद्रों में आयोजित की जाएगी। आयोग के अनुसचिव ओंकार नाथ सिंह के अनुसार अभ्यर्थी अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) नंबर से प्रवेश पत्र और अनुदेश डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र पर नियत तिथि एवं समय पर दो फोटो और आईडी प्रूफ की मूल एवं छायाप्रति लेकर उपस्थित होना है।
अपर निजी सचिव के 328 पदों पर भर्ती के लिए 107750 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। यूपीपीएससी ने एपीएस के 328 पदों पर भर्ती के लिए 19 सितंबर 2023 को विज्ञापन जारी किया था। आवेदन की अंतिम तिथि 19 अक्तूबर निर्धारित की गई थी। आवेदन के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य किया गया था।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओटीआर की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके और उनके आवेदन स्वीकृत नहीं हुए। लाखों की संख्या में अभ्यर्थियों के ओटीआर करने से पोर्टल पर दबाव लगातार बना रहा। ऐसे में आयोग को तीन बार एपीएस परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ी थी। एपीएस के पदों पर 10 साल बाद भर्ती होने जा रही है। पिछला विज्ञापन 2013 में आया था, जिसमें विवाद के कारण भर्ती अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।
पीसीएस और प्रवक्ता भर्ती का विज्ञापन जल्द
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 और प्रवक्ता राजकीय डिग्री कॉलेज आदि विभिन्न परीक्षाओं के विज्ञापन शीघ्र जारी करने जा रहा है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर लें, क्योंकि बिना ओटीआर आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
आयोग के अनुसचिव धर्मेंद्र कुमार त्रिपाठी के अनुसार अभ्यर्थी इन महत्वपूर्ण भर्तियों के विज्ञापन जारी होने से पहले ओटीआर प्रक्रिया पूरी कर ओटीआर नंबर प्राप्त कर लें। आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए ओटीआर नंबर प्राप्त करना अनिवार्य है। इन परीक्षाओं के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन करते हैं, ऐसे में ओटीआर नंबर प्राप्त न करने के कारण आवेदन करते समय वेबसाइट पर दबाव होने से कठिनाइयां आ सकतीं हैं। ओटीआर नंबर न प्राप्त कर पाने की स्थिति में ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाने पर अभ्यर्थी जिम्मेदार होगा।
स्टाफ नर्स परीक्षा की उत्तरकुंजी पर मांगीं आपत्तियां
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्टाफ नर्स एलोपैथ (प्रारंभिक परीक्षा)-2023 की अनंतिम उत्तरकुंजी शुक्रवार को जारी करते हुए परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी हैं। प्रारंभिक परीक्षा 19 दिसंबर 2023 को आयोजित की गई थी। अभ्यर्थियों को अपने प्रत्यावेदन निर्धारित प्रारूप में अपनी आपत्तियां 29 दिसंबर शाम पांच बजे किसी भी कार्यदिवस में डाक के माध्यम से या आयोग के काउंटर पर उपस्थित होकर उपलब्ध कराने हैं। उत्तरकुंजी आयोग की वेबसाइट पर 28 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी।
प्रवक्ता मेडिसिन के पद पर एक चयन निरस्त
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रवक्ता कम्युनिटी मेडिसिन की सीधी भर्ती के आठ पदों का चयन परिणाम 30 मई 2023 को जारी किया था। आयोग की उप सचिव स्नेह खन्ना के अनुसार मुख्य सूची में चयनित अभ्यर्थी नीता जैन का चयन निरस्त कर दिया गया है और इससे रिक्त हुए पद पर अभ्यर्थी विष्णु शर्मा के चयन की संस्तुति की गई है।