अभी बढ़ सकती है पदों की संख्या
आयोग को पिछले साल के अंत में ही पीसीएस-2022 के लिए तकरीबन डेढ़ सौ पदों का अधियाचन मिल चुका था। इसके लिए शासन की ओर से 22 फरवरी को एसडीएम के 39 पदों का अधियाचन आयोग को भेजा गया और पदों की संख्या बढ़कर 200 के आसपास पहुंच गई। सूत्रों का कहना है कि आयोग को 100 नए पदों का अधियाचन भी मिल गया है और अब पदों की संख्या बढ़कर लगभग तीन सौ पहुंच गई है।
पदों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। नियमों के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने तक पदों की संख्या घट-बढ़ सकती है। पर्याप्त संख्या में पदों का अधियाचन मिलने के बाद आयोग अब विज्ञापन जारी करने की तैयारी कर रहा है। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि इस पर काम चल रहा है। मार्च में पीसीएस-2022 का विज्ञापन जारी किए जाने की तैयारी है।