वित्तीय योजना और संसाधन निदेशालय के तहत सहायक शोध अधिकारी (सांख्यिकीय) के 12 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया है। हालांकि विज्ञापन 13 पदों पर भर्ती के लिए जारी किया गया था, जिनमें आठ पद अनारक्षित, तीन पद अन्य पिछड़ा वर्ग और दो पद अनुसूचित जाति श्रेणी के लिए आरक्षित थे। लेकिन, ओबीसी श्रेणी में उपलब्ध अन्य अभ्यर्थी मानक से कम अंक प्राप्त कर सके और एक पद खाली रह गया। एक पद पर भर्ती के लिए पुनर्विज्ञापन की संस्तुति की गई है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएसी) ने शुक्रवार को सीधी भर्ती अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। सहायक शोध अधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवदेन करने वाले अभ्यर्थियों से आयेग ने 14 जुलाई 2020 को निर्धारित प्रारूप में सूचना एवं अभिलेख मांगे थे, जिसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई थी।
कुल 225 अभ्यर्थियों ने आयोग में अपने शैक्षिक अभिलेख उपलब्ध कराए थे। अभिलेखों के परीक्षण के बाद श्रेष्ठताक्रम में अर्ह पाए गए 58 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। 17 फरवरी को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक हुए साक्षात्कार में 37 अभ्यर्थी शामिल हुए। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों में रामेश्वर पति, चेतन यादव, नतेंद्र सक्सेना, संजीव कुमार वर्मा, अखिलेश चंद्र, आदित्य सिंह, यातेंद्र कुमार तिवारी, संजय वैश्य, संयुक्ता अंबिका, अनिल कुमार, सुमन सिंह एवं पूनम सैनी के नाम शामिल हैं।