पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि 23 मई तक बढ़ा दी गई है जबकि फॉर्म में संशोधन की तिथि बढ़ाकर 24 मई की गई है। वेबसाइट ओवरलोड होने पर पांच सौ से अधिक अभ्यर्थियों के फॉर्म न भर पाने के कारण उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यह निर्णय लिया है।
अभ्यर्थियों ने आयोग में प्रत्यावेदन देकर आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की थी। पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन फॉर्म भरने की तिथि 16 मई निर्धारित थी। आयोग की वेबसाइट पर रात 12 बजे तक फॉर्म भरे जाने थे।
पीसीएस मेंस में शामिल होने के लिए प्रारंभिक परीक्षा में 19096 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इनमें से 18500 अभ्यर्थियों ने आवदेन फॉर्म भरे जबकि 596 फॉर्म नहीं भर सके थे। फॉर्म न भर पाने के कारण तमाम अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा से वंचित हो रहे थे।
दरअसल, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि से एक दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर लोड बढ़ गया था और वेबसाइट लगभग ठप हो गई थी। फॉर्म भरने से वंचित रह गए अभ्यर्थियों ने आयोग में प्रत्यावेदन देकर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की थी, जिसे आयोग ने मान लिया।