इंतजार में अभ्यर्थी हो गए हैं ओवरएज
आयोग के कैलेंडर में एपीएस भर्ती को भी जगह नहीं दी गई है, जबकि आयोग को तीन साल पहले ही एपीएस के तकरीबन ढाई सौ पदों का अधियाचन प्राप्त हो चुका है। नए विज्ञापन के इंतजार में तमाम अभ्यर्थी ओवरएज हो गए हैं।
एपीएस की पिछली भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2013 में जारी किया गया था, जिसमें गड़बड़ी सामने आने के बाद आयोग ने भर्ती परीक्षा को ही निरस्त कर दिया। आयोग ने पुनर्विज्ञापन तो जारी किया, लेकिन पुनर्परीक्षा में सिर्फ उन्हीं अभ्यर्थियों को शामिल होने का मौका दिया जा रहा है, जिन्होंने पूर्व में आवेदन किए थे।
अभ्यर्थी दीपक कुशवाहा, वशिष्ठ त्रिपाठी, सुनील पाल, बादल भारतीया, उमेश चंद्र पांडेय का कहना है कि नौ साल से भर्ती के इंतजार में कई अभ्यर्थी ओवरएज हो गए हैं। आयोग के पास वर्षों से रिक्त पदों का अधियाचन पड़ा है, इसके बावजूद आयोग ने अपने कैलेंडर में भर्ती को जगह नहीं दी, जबकि इस भर्ती को प्रमुखता के साथ कैलेंडर में शामिल किया जाना चाहिए था।