एपीएस भर्ती का विवादों से गहरा नाता
एपीएस भर्ती का विवादों से गहरा नाता है। एपीएस-2010 की भर्ती में धांधली के मामले में सीबीआई की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एपीएस-2013 की परीक्षा भी निरस्त कर दी। यह परीक्षा दोबारा कब होगी, इसका कोई अतापता नहीं। इस परीक्षा में शामिल तमाम अभ्यर्थी ओवरएज हो चुके हैं और उनके लिए भविष्य के रास्ते भी बंद हो चुके हैं।
नई भर्ती पर भी निर्णय नहीं ले सका आयोग
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को एपीएस के ढाई सौ रिक्त पदों का अधियाचन मिल चुका है और आयोग के पास इन पदों का अधियाचन चार वर्षों से पड़ा है। इसके बावजूद आयोग नई भर्ती नहीं निकाल रहा है। एपीएस भर्ती-2013 के अभ्यर्थी उमेश पांडेय समेत उनके कई साथ ओवरएज हो चुके हैं और मांग कर रहे हैं कि जब भी नई भर्ती निकाली जाए, ओवरएज अभ्यर्थियों को उसमें शामिल होने का मौका दिया जाए।