UPHESC recruitment exam to be held from 29th March
यूपीएचईएससी ने स्थगित की पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथि
नई एजेंसी कराएगी परीक्षा, 30 मई को परिणाम प्रस्तावित
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य के 290 पदों पर भर्ती के लिए एक मार्च को प्रस्तावित लिखित परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा अब 29 मार्च को आयोजित की जाएगी। मंगलवार को हुई आयोग की बैठक में यह निर्णय लिया गया। परीक्षा अब नई एजेंसी कराएगी।
माना जा रहा था कि विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा कराने वाले एजेंसी को ही विज्ञापन संख्या 49 के तहत प्राचार्य पद की भर्ती की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी लेकिन आयोग ने एजेंसी बदलने का निर्णय लिया और इसके लिए टेंडर भी निकाल दिया। आयोग ने इच्छुक एजेंसियों से 24 फरवरी तक टेंडर आमंत्रित किए गए थे। टेंडर 28 फरवरी को सुबह 11.30 बजे आयोग के कार्यालय में खोला जाएगा और इसके बाद किसी नई एजेंसी को परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
प्राचार्य पद पर भर्ती के लिए आयोग पहली बार लिखित परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। मंगलवार को हुई आयोग की बैठक में प्राचार्य पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार का पूर्व में घोषित कार्यक्रम स्थगत करते हुए नए कार्यक्रम पर मुहर लगाई गई।
आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी के अनुसार लिखित परीक्षा अब 29 मार्च को होगी। उत्तरकुंजी का प्रकाशन एक अप्रैल को होगा और 16 अप्रैल तक आपत्तियां ली जाएंगी। संशोधित एवं अंतिम उत्तरकुंजी 22 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि लिखित परीक्षा का परिणाम 27 अप्रैल को घोषित किया जाएगा। 18 से 29 मई तक साक्षात्कार होंगे और 30 मई को अंतिम चयन परिणाम जारी किया जाएगा।