निकाय चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को प्रयागराज नगर निगम के महापौर के अलावा आठ नगर पंचायतों के अध्यक्षों व पार्षद समेत कुल 1541 पदों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ हुआ। शाम के पांच बजे तक नगर निगम में 28.59 प्रतिशत वोट पड़े थे। नगर पंचायतों में 49.59 फीसदी वोट पड़ चुके हैं। बूथों पर कई जगह भीड़ लगी रही, तो कुछ स्थानों पर सन्नाटा भी छाया रहा। कहीं ईवीएम की खराबी तो कहीं वोटरलिस्ट में नाम न होने की शिकायतें की जाती रहीं। उधर, माफिया अतीक के गढ़ में कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान आरंभ हुआ। पहली बार नगर निगम की सीमा वाले विस्तारित क्षेत्र नैनी, झूंसी और फाफामऊ में मतदान के प्रति शुरुआती दौर में उत्साह देखा गया। झूंसी के छतनाग में सुबह ही बूथ पर कतार लग गई। मधवापुर के बूथ संख्या 385 पर ईवीएम में खराबी आने की वजह से मतदान बाधित हो गया। इस तरह तीन स्थानों पर ईवीएम में खराबी के कारण कुछ देर के लिए मतदान बाधित रहा, लेकिन कंट्रोल रूम को जानकारी मिलते ही मशीनें बदल दी गईं।