डॉ.रीता बहुगुणा जोशी पहले ही घोषणा का चुकी हैं कि अब वह कोई चुनाव नहीं लडे़ंगी। इस घोषणा के बाद से ही चर्चा शुरू हो गई है कि उन्हें राज्यपाल बनाया जा सकता है। पार्टी सूत्र के अनुसार उन्होंने इसके लिए प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। हालांकि, अब मयंक के सपा में चले जाने से उनके प्रयासों को झटका लगने की बात कही जा रही है।
बेटे ने ली सपा की सदस्यता, रीता ने कहा-मैं भाजपा में ही
इलाहाबाद से भाजपा सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी शनिवार को साइकिल पर सवार हो गए। उन्होंने आजमगढ़ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ली। वहीं डॉ.रीता ने स्पष्ट किया है कि वह भाजपा में ही हैं और राष्ट्रीय नेतृत्व पर आस्था एवं पूर्ण विश्वास है। आखिरी चरण के मतदान से दो दिन पहले मयंक के सपा में शामिल होने से भाजपा को झटका लगने की बात कही जा रही है।