सिद्धार्थनाथ और नंदी ने फिर दर्ज की जीत
इस बार नंदी और सिद्धार्थ ने एक बार फिर से चुनाव जीत लिया है। ऐसे में मंत्री के लिए उनकी दावेदारी तो बन ही रही है साथ ही गंगापार एवं यमुनापार से भी एक-एक विधायक को राज्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा सियासी गलियारे में शुक्रवार को रही। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश सरकार में जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए ही मंत्री बनाए जाएंगे।
प्रयागराज में पटेल वोटरों की पर्याप्त संख्या को देखते हुए फूलपुर विधानसभा सीट से तीसरी बार विधायक बने प्रवीण पटेल का नाम मंत्री पद के लिए चल रहा है। इसके अलावा यमुनापार से भाजपा ने इस बार कोरांव, बारा विधानसभा में दोबारा कब्जा तो जमाया ही, साथ ही पहली बार करछना भी जीत लिया।
यमुनापार से भी किसी विधायक को मिल सकता है मंत्रिपद
पार्टी के भितरखाने चर्चा है कि यमुनापार की जीती हुई इन तीन सीटों में से किसी एक को सरकार में मंत्री का पद मिल सकता है। करछना से पीयूष रंजन की बात करें तो उन्हें निषाद पार्टी के कोटे से इस बार चुनाव लड़ाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद द्वारा कम से कम मंत्री पद की दो सीट मांगे जाने की चर्चा है। अगर उनकी बात मान ली गई तो पीयूष का निषाद पार्टी के कोटे से मंत्री बनना तय है।