बेटियों ने कई वर्षों से बना रखी है बढ़त
पिछले पांच वर्षों की बात करें तो हर साल ससम्मान प्रथम श्रेणी व प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वालों में बेटियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा। वर्ष 2020 में 3.10 व 3.74 फीसदी, 2022 में 4.30 व 6.81 फीसदी, 2023 में 6.22 व 10.30 फीसदी, वर्ष 2024 में 8.22 व 13.53 फीसदी क्रमश: छात्र एवं छात्राएं ससम्मान प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण घोषित किए गए। वहीं, प्रथम श्रेणी में वर्ष 2020 में 30.54 व 37.52 फीसदी, 2022 में 36.80 व 46.44 फीसदी, 2023 में 31.77 व 40.61 फीसदी, 2024 में 35.15 व 43.10 फीसदी क्रमश: छात्र एवं छात्राएं उत्तीर्ण हुए।
टॉप टेन मेरिट में घटी मेधावियों की संख्या
यूपी बोर्ड वर्ष 2025 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम की प्रदेश स्तरीय टॉप टेन मेरिट में मेधावियों को संख्या पिछले साल की तुलना में काफी कम हो गई है। वर्ष 2024 की हाईस्कूल की टॉप टेन मेरिट में 156 मेधावी शामिल थे और इंटरमीडिएट की टॉप टेन मेरिट में 408 मेधावियों ने जगह बनाई थी। इस बार हाईस्कूल की टॉप टेन मेरिट में महज 55 व इंटर की टॉप टेन मेरिट में केवल 30 मेधावी ही अपनी जगह बना सके।