यूपी बोर्ड परीक्षा : जिले को आठ जोन और 24 सेक्टर में बांटा गया
0 सभी 321 परीक्षा केंद्रों की तैयारी का ड्राई रन, अफसरों ने ली जानकारी
0 आज सभी जोनल, सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की होगी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा 2022 इस बार 24 मार्च से शुरू हो रही है। नकल विहीन और सुचिता पूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए शासन, प्रशासन और शिक्षा विभाग के अफसरों ने कमर कस ली है। पूरे जिले को आठ जोन और 24 सेक्टर में बांटा गया है।
डीआईओएस आरएन विश्वकर्मा ने बताया कि सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा अपर नगर मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ एक-एक बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों को राज्य स्तर पर और जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। जहां से किसी भी केंद्र पर चल रही परीक्षा पर नजर रखी जाएगी।
एक स्क्रीन पर एक साथ पचास केंद्रों की निगरानी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम पर लगभग छह बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। जहां से एक साथ एक स्क्रीन पर पचास केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। पिछले दिनों परीक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया था। उन्होंने एक एलईडी स्क्रीन से 20 केंद्रों पर नजर रखने की व्यवस्था का निर्देश दिया था। ऐसे में डीआईओएस कार्यालय में लगभग आधा दर्जन एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। जिससे एक साथ पचास केंद्रों पर नजर रखी जा सकेगी।
आज परीक्षा को लेकर मजिस्ट्रेट की बैठक
संत अंथोनी कॉलेज में मंगलवार को सभी जोनल, सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और केंद्र व्यवस्थापक की बैठक होगी। पहले जोनल, सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट की बैठक सुबह 11 बजे से है। इसके बाद वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक होगी।
हर जिले में एक पर्यवेक्षक
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हर जिले में एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। इसके लिए हर जिले में एक अधिकारी को नियुक्त किया गया है। पर्यवेक्षक सभी जिलों में बनाए गए केंद्रों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट शिक्षा निदेशक माध्यमिक देंगे। इन्हें बोर्ड परीक्षा के दौरान कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कराने की भी जिम्मेदारी गई है।
परीक्षा तैयारियों की समीक्षा
प्रयागराज में कुल 321 केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लगभग एक लाख 81 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सोमवार को सभी केंद्रों की व्यवस्था ऑनलाइन जांची गई। सभी केंद्रों की कनेक्टिविटी, बिजली व्यवस्था और इंटरनेट व्यवस्था को देखा गया। लखनऊ के अधिकारियों ने डीआइओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से संपर्क कर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली।