केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखकर तैयारी करनी है और राज्यों को ऑक्सीजन और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के मामले में आत्मनिर्भर बनना है।
प्रयागराज के नैनी स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी में प्रभाव्य इंडस्ट्रीज के आक्सीजन संयंत्र के शिलान्यास कार्यक्रम को दिल्ली से ऑनलाइन संबोधित करते हुए गडकरी ने कार्यक्रम में उपस्थित उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह से अनुरोध किया कि वे प्रदेश के हर जिले को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 50 से अधिक बिस्तरों वाले अस्पतालों में हवा से ऑक्सीजन बनाने का संयंत्र लगाना अनिवार्य करें।
मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में तीसरी लहर और चौथी लहर का संकट है और इसको ध्यान में रखकर काम करना आवश्यक है। इसके साथ ही हर जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर बैंक की स्थिति देखना जरूरी है। आवश्यकता पड़े तो राज्य सरकार द्वारा हर जिले की चिकित्सा व्यवस्था में 4,000-5,000 सिलेंडर शामिल किया जाए।
गडकरी ने प्रभाव्य इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक उमेश जायसवाल की पहल की सराहना करते हुए कहा, मैं उद्योग, व्यापार और निर्माण के क्षेत्र में कार्य करने वाले अन्य उद्योगपतियों से भी समाज के प्रति संवेदनशीलता दिखाकर इस तरह के कार्य करने का अनुरोध करता हूं।