शिवकुटी में फाफामऊ पुल पर दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों बाइक से मऊआइमा स्थित घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारकर भाग निकला। हादसे में दोनों की मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुटी थी।
हादसा रात 11.30 बजे के करीब हुआ। शिवकुटी पुलिस को सूचना मिली कि फाफामऊ पुल पर दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हाल में पड़े हैं। पीआरवी 100 नंबर के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो एक युवक की मौत हो चुकी थी। जबकि दूसरे की सांसें चल रही थीं। पुलिस उसे एसआरएन अस्पताल ले गई लेकिन कुछ देर बाद उसकी भी सांसें थम गईं। मृतकों के पास मिले कागजात के आधार पर एक की शिनाख्त सोनू कुमार पुत्र रामबाबू निवासी अलावलपुर फुलवारिया थाना मऊआइमा के रूप में हुई। जबकि दूसरे की शिनाख्त हनी के रूप में हुई लेकिन वह कहां का रहने वाला था, इसका पता नहीं चल सका।
पुलिस ने बताया कि मृतक के फोन पर आने वाली कॉल से सिर्फ इतना पता चला है कि हनी लोकसेवा आयोग के पास स्थित शराब के ठेके पर काम करता था। फिलहाल परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया है। फोन लॉक होने की वजह से उनका नंबर भी नहीं मिल पाया है। उनका पता लगाया जा रहा है। इंस्पेक्टर महेश सिंह ने बताया कि शवों को मर्चरी भेजवा दिया गया है।
हादसों ने तीन दिन में लील लीं चार जिंदगियां
शहर में लगातार हो रहे सडक़ हादसों ने तीन दिन में चार जिंदगियां लील ली हैं। 22 नवंबर की रात टीपी नगर में ऑटो की टक्कर से बाइकसवार एयरफोर्सकर्मी आकाश चंद्रा की मौत हो गई। इसके अगले ही दिन 23 नवंबर की सुबह दारागंज निवासी प्राइमरी शिक्षक गणेश प्रसाद शुक्ला की नए यमुना पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से जान चली गई। एक दिन भी नहीं बीता था कि मंगलवार रात फाफामऊ पुल पर दो युवकों की मौत हो गई। दुखद यह है कि हादसे तब हो रहे हैं जब पुलिस की ओर से यातायात माह मनाया जा रहा है जिसमें जुर्माने के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।