कड़े विरोध के बावजूद भी देश में बलात्कार की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ऐसे ही एक मामले में झूंसी इलाके में 10 साल की बालिका से उसके सगे चाचा ने ही हैवानियत कर डाली।
पीड़िता के चाचा ने मंगलवार रात छत पर सो रही बालिका से जबरदस्ती की। बच्ची को कई जगह काटा भी गया वह खून से लथपथ हो गई। पुलिस को शक है कि आरोपी चाचा नशे में धुत था।
पीड़ित बालिका छत से रोते हुए उतरी तो मां-बाप को पता चला।
ब्लीडिंग की वजह से हालत खराब थी इसलिए पुलिस ने उसे एंबुलेंस से डफरिन अस्पताल पहुंचाया। वहां बड़ी मुश्किल से डॉक्टरों ने पीड़िता की स्थिति संभाली। आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
झूंसी इलाके के किसान परिवार की 10 वर्षीय रोली (नाम काल्पनिक) मंगलवार रात बड़ी बहन के साथ छत पर सो रही थी। मां-बाप नीचे थे जबकि परिवार के बाकी बच्चे पड़ोस में शादी समारोह में गए थे।
आधी रात बाद करीब एक बजे बगल के मकान में रहने वाला रोली का 35 वर्षीय चाचा अपने मकान की चहारदीवारी फांदकर उसकी छत पर आ गया। उसने रोली को मुंह दबोचा और छत पर कोने में ले जाकर उसके साथ वहशियाना हरकत कर डाली।
आरोपी द्वारा एक हाथ से बालिका का मुंह दबाने के कारण वह बचाव के लिए शोर भी नहीं मचा सकी। इस वजह से कुछ दूर पर सो रही बड़ी बहन को इस घटना की भनक भी नहीं लग सकी।
करीब पौन घंटे बाद चाचा के चंगुल से छुटकारा पाकर बालिका छत से रोते-कराहते उतरी तो उसकी हालत देखकर मां सकते में आ गई। उसने पति को जगाकर बताया।
लगातार ब्लीडिंग से बालिका बेहाल थी। मां-बाप ने फौरन झूंसी पुलिस को बताया। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर पीड़िता को रात करीब तीन बजे डफरिन में भर्ती कराया।
पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया और दफा 376 (2 च) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।