प्रयागराज के सुलेम सराय स्थित घर पर मंगलवार को ढांढस बंधाने के लिए केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री प्रो. एसपी सिंह जैसे ही पहुंचे, उमेश पाल के पुत्र आदित्य और पुत्री काव्या लिपट कर रोने लगे। मां शांति और पत्नी जया पाल बिलखते हुए उनसे इंसाफ मांगने लगीं।
मंत्री ने परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि उमेश की हत्या में शामिल बदमाश पाताल में भी छिपे होंगे, सरकार उन्हें ढूंढ निकालेगी। यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार है, ऐसे में उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री प्रो. एसपी सिंह मंगलवार को करीब 2:45 बजे उमेश पाल के घर पहुंचे। मंत्री के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। मां शांति पाल मंत्री से लिपट कर रोने लगीं। उन्होंने बताया कि झोले में बम लेकर अतीक अहमद के शूटर आए थे। उमेश को घेरकर गोली मारी और बम चलाने लगे।
बचने का कोई मौका ही नहीं दिया। शांति का कहना था कि उनके बेटे उमेश की हत्या में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ ही उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। शांति ने मंत्री के सामने अपने परिवार की की जान को खतरे का अंदेशा भी जताया और सुरक्षा की गुहार भी लगाई।
उन्होंने मंत्री से कहा कि एक बार सीएम योगी से उन्हें मिलवा दें, ताकि वह अपनी बात कह सकें। सीएम या तो उनके घर आ जाएं या फिर उनके परिवार को दो मिनट के लिए बुला लें। शांति का कहना था कि वह अपने बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए अंतिम दम तक लडे़ंगी। मंत्री ने कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।
इस समय प्रदेश में योगी की सरकार है, अपराधियों को कहीं भी छिपने की जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि उमेश की हत्या करने वाले बदमाश जमीन के भीतर भी होंगे तो सरकार उन्हें बाहर निकाल कर सजा जरूर दिलाएगी। मंत्री ने बताया कि वह इस घर में कम से कम 25 बार आ चुके हैं।
उमेश के प्रति अपने आत्मीय संबंधों का भी वह हवाला देते रहे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में प्रदेश सरकार में मंत्री रहे एसपी सिंह बघेल ने ही उमेश पाल को भाजपा की सदस्यता दिलाई थी।