शाहगंज के रहने वाले दो किन्नरों पर एक किन्नर का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला किन्नरों के क्षेत्र बंटवारे के विवाद का आया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सुबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अल्लापुर की रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बेटा पंकज (30) किन्नर है। शाहगंज के गढ़ैया की रहने वाली बबली किन्नर और सोनू मुस्लिम उर्फ शिल्पा ने कई साल पहले उसे अपना चेला बनाया था। दोनों लगातार प्रयासरत थीं कि पंकज अपना धर्म परिवर्तन कर ले। पहले तो उन्होंने रुपयों पैसों का लालच दिया फिर यातनाएं दीं। कई बार पंकज के साथ मारपीट की गई।
महिला का आरोप है कि कुछ समय पहले बबली और सोनू मुस्लिम पत्थर गली स्थित एक मस्जिद में ले गए और नशीला पदार्थ खिलाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। उसे आपत्तिजनक चीजें भी खिलाई गईं। एसओ जार्जटाउन बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जांच में पता चला है कि इस समय किन्नरों के दो गुटों में झगड़ा चल रहा है। छोटी किन्नर और बबली किन्नर के गुट में क्षेत्र बंटवारे को लेकर हुए विवादों में कई थानों में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। धर्म परिवर्तन के आरोपों की जांच के लिए पुलिस पत्थर गली गई थी। पूछताछ और सुबूत मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।