ओवरलोडिंग और फाल्ट के चलते शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही। रामबाग डिवीजन में जहां दो ट्रांसफारमर जल गए, वहीं जार्ज टाउन और फोर्टरोड फीडरों पर ब्रेक डाउन से घंटों बिजली गुल रही। उधर, आंदोलित जनता की ओर से तालाबंदी के दूसरे दिन भी कल्याणी देवी उपकेंद्र से आपूर्ति में सुधार नहीं आया। करेलाबाग नगरीय विद्युत वितरण खंड के फीडरों पर बिजली आपूर्ति लड़खड़ाने से बड़े इलाके में लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा।
रामबाग डिवीजन में यमुना बैंक के पास लगे 639 केवीए क्षमता के ट्रांसफारमर में आग लग गई। इससे आसपास के इलाकों में आपूर्ति ठप हो गई। इसी तरह कीडगंज में भी 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफारमर जल गया। शोर शराबे के बाद रात नौ बजे दोनों ट्रांसफारमर बदले जा सके।
इसी तरह बुधवार की भोर में ब्रस्ट हुई 33 केवी अ़ंडरग्राउंड करेली की लाइन शुक्रवार को भी दुरुस्त नहीं की जा सकी। इससे करेली -1 व 2 दोनों उपकेंद्रों से आपूर्ति प्रभावित है। दरियाबाद फीडरों पर भी बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। वैकल्पिक उपाय नाकाफी साबित हो गए। इससे मीरापुर, तुलसीपुर, रसूलपुर, बैड़नटोला, कुलहनटोला, मिनहाजपुर, रौशनबाग, सब्जीमंडी समेत कई इलाकों में बिजली बिन लोग परेशान रहे।
खुसरोबाग उपकेंद्र के फीडरों पर ओवरलोडिंग के चलते शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बेपटरी रही। दायराशाह अजमल और बख्शीबाजार के फीडरों पर दिन भर में 12 बार से अधिक ट्रिपिंग होने से लोग परेशान रहे। कहा जा रहा है कि कटियामारी और मीटर बाईपास के जरिए बिजली चोरी से फीडरों पर ओवरलोडिंग बढ़ गई है और ट्रिपिंग से बिजली नहीं मिल पा रही है।उधर, जार्ज टाउन में एनएन झा मार्ग और मालवीय मार्ग फीडरों पर भी ब्रेकडाउन के चलते घंटों आपूर्ति प्रभावित रही। रामबाग को फोर्टरोड फीडर पर भी ब्रेक डाउन से जनता को बिजली के साथ ही पानी के संकट का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति लड़खड़ाने से शहर के कई इलाकों में पानी के लिए लोग तरस गए हैं। भीषण गर्मी में घरों में पानी न आने से खाना बनाने से लेकर नहाने और कपड़ा धोने तक के लिए लोग परेशान हो उठे है। पानी न आने से दिनचर्या पर असर पड़ गया है। कल्याणी देवी उपकेंद्र से 21 घंटे से आपूर्ति प्रभावित होने पर जनता दल यू के पूर्व नगर अध्यक्ष जावेद अख्तर व सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद बाकर ने एक्सईएन एसडीओ पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया और दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की जांच कराने की मांग की। इन नेताओं का कहना है कि इंतजामों को सुधारने के लिए करोड़ों रुपये का बजट आने के बाद भी जर्जर तार-खंभे नहीं बदले गए। जहां बदले गए, वहां काम मानक के अनुरूप नहीं कराया गया।
33केवी क्षमता वाले करेली उपकेंद्र से जुड़ूी अंडरग्राउंड केबल की मरम्मत रविवार को कराई जाएगी। इसके लिए शट डाउन लिया जाएगा। एसडीओ मंगला प्रसाद श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाल्ट की मरम्मत के लिए खोदाई करानी पड़ेगी। इसमें समय लगेगा।