नए यमुना पुल के पास अरैल बांध रोड पर शुक्रवार को एक गर्भवती युवती (28) संग दुष्कर्म करने वाले दोनों युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने माना कि शराब पिलाकर वह लोग महिला को लेकर वहां पहुंचे थे। घटना में शामिल एक युवक अभी फरार है।एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी ने रविवार को बताया कि तेलियरगंज निवासी दीपक सिंह एवं गोविंदपुर निवासी नन्हें शुक्रवार रामबाग सब्जी मंडी गए थे।
वहां इन लोगों ने शराब खरीदी, तभी यह युवती उनके संपर्क मेें आ गई। युवती को यह लोग टेंपो में बिठाकर अरैल बांध रोड ले गए। वहां पहुंचने पर इन लोगों ने युवती को भी शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान उनका एक साथी भी वहां पहुंच गया। उसी समय उधर, से गुजर रहे किसी राहगीर ने यह देखकर शोर मचाया तो नशे में धुत युवक भागने लगे लेकिन, दीपक पकड़ा गया। लोगों ने पिटाई के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया जबकि, उसके दोनों साथी भागने में कामयाब रहे।
उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने आज दोपहर नन्हें पुत्र बब्बू को भी फूलमंडी के पास से पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इस्तेमाल हुई टेंपो भी बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर नैनी विनोद सिंह के मुताबिक महिला की मानसिक स्थिति दुरुस्त नहीं है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को नकद पुरस्कृत देने की बात कही है।