चांदपुर सलोरी मोहल्ले के एक मकान में चोरों ने धावा बोलते हुए लाखों रूपये की नकदी समेत जेवरात उड़ा दिए। सुबह घटना का पता चलते ही भवन स्वामी के होश उड़ गए। उन्होंने घटना के बारे में पुलिस को बताया।
थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। भुक्तभोगी धीरज त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे चोर उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घुस आए।
उसके बाद वह मुख्य कमरे तक पहुंच गए और वहां रखे बक्से को तोड़ डाला। भुक्तभोगी के मुताबिक बक्से में चार अंगूठी, दो चेन, चार जोड़ा चांदी की पायल समेत करीब दो लाख रूपये नकद उड़ा दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्र्ट दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज अनूप सिंह के मुताबिक बदमाशों की तलाश की जा रही है।