फाफामऊ के रूदापुर में भट्ठा संचालक मुबस्सिर अहमद की सरेआम हत्या के दो अन्य नामजद आरोपी मंगलवार को गिरफ्तार कर लिए गए। इनमें मुख्य आरोपी खुर्शीद का भाई जावेद व उसका फैजू शामिल है। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बलेनो कार व तमंचा-कारतूस बरामद किया गया है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस अब फरार चल रहे आठ आरोपियों की तलाश कर रही है।
28 मई को हुए इस हत्याकांड में खुर्शीद, जैद व राजू विश्वकर्मा गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। गिरफ्तार जावेद ने बताया है कि उसने अपने तीनों भाइयों संग मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। कुछ अन्य साथियों को भी बुलाया। पूरामुफ्ती निवासी नितिन यादव से उन्होंने गाड़ी मांगी थी, जिसने उन्हें एक बलेनो व एक सफारी उपलब्ध कराई थी।
तीन-चार दिन पहले दोनों वाहन उनके पास आ गए थे। घटना वाले दिन खुर्शीद व जुनैद बाइक से थे जबकि सफारी जाहिद चला रहा था। इसमें जैद, राजू, अरविंद, भइयवा व शिब्बू बैठे थे। बलेना सैफी उर्फ सैफू चला रहा था जिसमें फैज, इ इब्ने व कौशर बैठे थे। उधर गिरफ्तार फैजू ने बताया कि वह खुर्शीद का ड्राइवर है।
पुलिस अफसरों ने बताया कि मामले में चार नामजद कराए गए थे। जबकि आठ लोगों के नाम विवेचना में सामने आए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। हत्या में शामिल लोगों के साथ ही आरोपियों को फरार कराने में मददगार लोगों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।