कंधई क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पहली घटना रात करीब आठ बजे पट्टी-चिलबिला मार्ग पर तरदहा गांव के पास हुई। मेहंदिया गांव निवासी प्रेमचंद बाइक से पट्टी कस्बा से लौट रहे थे। सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही प्रेमचंद सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी पट्टी पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
दूसरी घटना रात करीब नौ बजे हुई। अमसौना गांव निवासी राहुल बाइक से आसलपुर बाजार से घरेलू सामान लेकर लौट रहे थे। आसलपुर मोड़ के पास अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे भाई रोहित ने सीएचसी बेलखरनाथ धाम पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।