देवरिया जेल में बम्हरौली निवासी जैद खालिद को ले जाकर पीटने के मामले में अतीक अहमद के दो करीबियों मो. राशिद उर्फ नीलू व खालिद जफर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था।
पिछले साल जनवरी में जैद ने अतीक समेत 15 अन्य पर मामले की रिपोर्ट धूमनगंज थाने में दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप था कि अतीक के कहने पर उसके गुर्गे धूमनगंज से अगवा कर उसे देवरिया जेल में ले गए जहां उसकी पिटाई की गई। इस मामले में वांछित चल रहे नीलू व खालिद जफर शनिवार को राजरूपपुर से गिरफ्तार किए गए। नीलू अतीक का मौसेरा भाई जबकि खालिद जफर बहन का दामाद है। पुलिस का दावा है कि दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार भी बरामद की गई है।
ऑडियो भी हुआ था वायरल
बता दें कि अतीक पर केस दर्ज कराने वाला जैद कभी उसका करीबी था और हत्या के प्रयास के मामले में उसके संग सहअभियुक्त भी रह चुका है। कुछ महीनों पहले जेल में बंद अतीक से फोन पर उसकी बातचीत का ऑडियो भी वायरल हुआ था। इसमें अतीक उससे देवरिया जेल प्रकरण के बारे में बातचीत करता सुनाई देता है। एसएसपी ने इस ऑडियो की जांच कराने की बात कही थी लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया।