शहर में वाहन चोरी की वारदात दर वारदातों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने वाहन चोर गिरोह का रविवार को भंडाफोड़ हो गया। एसओजी व करेली पुलिस की संयुक्त टीम ने सरगना एलएलबी छात्र समेत दो को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 11 दोपहिया वाहन बरामद किए। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने अभियान चलाकर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
इसी के तहत सटीक सूचना पर एसओजी नगर क्षेत्र के प्रभारी शैलेष सिंह व करेली एसओ बृजेश सिंह ने बिसौना रोड दामूपुर मोड़ के पास से घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ा। मांगने पर वह वाहन के दस्तावेज नहीं दिखा पाए जिसके बाद उन्हें थाने लाकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में पता चला कि दोनों वाहन चोरी की गिरोह को अंजाम देते हैं।
शहर से वाहन चुराकर उसे ग्रामीण क्षेत्र में ले जाकर बेच देते हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल 11 वाहन बरामद किए, जिनमें दो स्कूटी व नौ बाइक शामिल हैं। अभियुक्तों ने अपना नाम शुभम सिंह निवासी हथेड़ा हलिया लालगंज व सत्यम पांडेय निवासी रतेहा चौराहा हलिया मिर्जापुर बताया। शुभम एलएलबी कर चुका है और उसने पूछताछ में बताया कि वह कोर्ट में प्रैक्टिस करने की भी तैयारी कर रहा था। वह मूल रूप से चंदौली का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने यह भी बताया है कि उन्होंने हाईकोर्ट के पास से भी वाहन उड़ाए हैं।