रसूलाबाद एलआईसी कॉलोनी में सोमवार को दिन में ट्यूबवेल की मोटर खराब होने की वजह से जलापूर्ति ठप हो गई। इस वजह से दिन भर लोग पानी के लिए तरसते रहे। वहीं, शाम को ठीक करने के दौरान मोटर जल गई। वहीं, देर रात तक मोटर ठीक करने के लिए कोई नहीं पहुंचा। ऐसे में सुबह भी राहत की उम्मीद नहीं है।
स्थानीय लोगों को पानी खरीदकर पानी पीना पड़ा। रोजमर्रा के कार्यों के लिए पानी नहीं मिलने से लोग काफी परेशान रहे। शिकायत के बाद शाम को मोटर को ठीक करने की कोशिश की गई, लेकिन वह जल गई। इसके बाद रात करीब 10 बजे तक मोटर ठीक करने के लिए कोई नहीं पहुंचा।
लोगों का कहना है कि एलआईसी कॉलोनी व आसपास के ट्यूबवेल में खराबी की शिकायत आए दिन मिलती रहती है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। पार्षद मीनू तिवारी ने कहा, मंगलवार को वह नगर आयुक्त से मिलकर स्थायी समाधान की मांग करेंगी।
कटघर के काशीराज नगर में आ रहा गंदा पानी
कटघर के काशीराज नगर में प्रदूषित जलापूर्ति की शिकायत है। वहां नल में काफी देर तक बदबूदार मटमैला पानी आता है। इससे वहां बीमारी का खतरा बना है। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन में लीकेज की वजह से गंदा पानी आ रहा है। यह समस्या करीब एक महीने से बनी हुई है। शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। वहीं, जलकल के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने कहा, प्रदूषित जलापूर्ति की शिकायत की जानकारी नहीं है। मंगलवार को उसे दिखवाया जाएगा। कहीं गड़बड़ी मिलती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा।