प्रयागराज के 18 यात्री हादसे के पहले पूरा कर चुके थे सफर, 28 सवार थे
एनसीआर के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन में उत्तर मध्य रेलवे के आगरा फोर्ट, टूंडला, कानपुर और प्रयागराज से कुल 188 यात्रियों का रिजर्वेशन विभिन्न कोचों में था। सीपीआरओ के अनुसार प्रयागराज के 46 में से 18 यात्री पीछे के स्टेशनों पर उतर गए थे। ऐसे में घटना के वक्त प्रयागराज के 28 यात्री ऐसे रहे जो ट्रेन में सफर कर रहे थे। अभी उन यात्रियों की कुशलता की जानकारी पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से नहीं दी गई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सुबह तक सभी यात्रियों की वास्तविक स्थिति के बारे में मालूम पड़ जाएगा। इस बीच एनसीआर द्वारा घटना को लेकर हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए गए। वहीं दूसरी ओर हादसे के बाद गुवाहाटी रेल मार्ग ठप होने की वजह से शुक्रवार को संबंधित रूट से आने वाली 12505 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, 15632 बाड़मेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस आदि ट्रेनें विलंब से प्रयागराज जंक्शन पहुंचेंगी।