अनलॉक-1 में धार्मिक स्थल, होटल, मॉल व रेस्टोरेंट खुलने से जिले में कोरोना के सामुदायिक प्रसार का खतरा भी बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अफसर इस चुनौती से निपटने की रणनीति तैयार कर रहे हैं। जिले के कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक अब धार्मिक स्थल, होटल, मॉल व रेस्टोरेंट भी खुल गए हैं। ऐसे में जिले में कोरोना के सामुदायिक प्रसार का खतरा बढ़ा है। संक्रमण के कई मामले ऐसे हैं, जिनके सोर्स का पता नहीं चला है, इसके अलावा उनका कोई यात्रा इतिहास भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि कोरोना दौर में थ्योरी में तो पास हो गए हैं, लेकिन अब प्रैक्टिकल में भी पास होने की जरूरत है। अनलॉक-1 के दौरान लोगों को एक-दूसरे से एक मीटर की दूरी बनाए रखना है। मॉस्क लगाए रखना है और हाथों को साबुन से बार-बार धोते रहने या फिर सैनिटाइज किए जाने की जरूरत है। इसके अलावा अगर कोरोना से जुड़ी कोई भी जानकरी है तो उसे तुरंत ही कंट्रोल रूम में सूचित करें। उन्होंने कहा कि बिना लोगों के सहयोग के कोरोना पर जीत हासिल नहीं की जा सकती है।