रंगदारी मंागने के मामले में लंबे समय से हैं फरार
घरों पर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा
प्रयागराज। प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी मांगने के मामले में अतीक अहमद के फरार चल रहे तीन करीबियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को तीनों के घर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा किया गया। आरोपियों के जल्द ही हाजिर न होने की दशा में उनकी संपत्ति कुर्क करने के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी।
हरवारा निवासी प्रॉपर्टी डीलर मो. अशरफ पुत्र मकबूल अहमद ने नवंबर 2017 में रंगदारी मांगने के आरोप में कुल नौ लोगों पर धूमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों में पूर्व सांसद अतीक व उसके गुर्गें तोता के अलावा रियाज, मो. शेख व जाहिद समेत अन्य शामिल थे। इस मामले में अतीक के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही रियाज, जाहिद व मो. शेख फरार हैं। कई जगह दबिश देने के बावजूद उन्हें पकड़ा नहीं जा सका। जिसके बाद तीनों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के संबंध में कोर्ट में अर्जी दी गई थी। कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस ने तीनोें आरोपियों के हरवारा स्थित घर पर पहुंचकर 82 का नोटिस चस्पा किया। पुलिस का कहना है कि निर्धारित अवधि के भीतर तीनों हाजिर नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी जाएगी।
क्या था पूरा मामला
वादी मो. अशरफ का आरोप था कि अतीक व मामले में नामजद अन्य आरोपियों ने अक्तूबर 2015 व अप्रैल 2016 में उससे गुंडा टैक्स के रूप में उससे कुल छह लाख रुपये वसूले। साथ ही गालीगलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सपा सरकार होने के चलते शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। सत्ता परिवर्तन होने के बाद 2017 में उसने फिर मामले की शिकायत की जिसके बाद धूमनगंज थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई।