दो बड़ी भर्तियों के लिए शीघ्र जारी होगा विज्ञापन
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सितंबर और अक्तूबर माह में दो बड़ी भर्तियों के विज्ञापन जारी करने की घोषणा की है, जिसके अनुसार सितंबर के तीसरे सप्ताह में अपर निजी सचिव (एपीएस) के 300 पदों और अक्तूबर के पहले सप्ताह में समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के 181 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा।
वहीं, आयोग ने 14 अगस्त को सहायक नगर नियोजक परीक्षा-2023 का विज्ञापन जारी किया है, जिसके तहत सहायक नगर नियोजक के 24 पदों पर भर्ती होनी है। इसके साथ ही आयोग ने 21 अगस्त को स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) परीक्षा-2023 का विज्ञापन जारी किया है। इस विज्ञापन के तहत स्टाफ नर्स के 2240 पदों पर भर्ती होनी है।
इसमें चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग के तहत स्टाफ नर्स (पुरुष) के 171 पदों और स्टाफ नर्स (महिला) के 2069 पद शामिल हैं। जिन भर्तियों के विज्ञापन जारी हो चुके हैं, उनकी परीक्षाएं इस वर्ष के अंत या अगले साल की शुरुआत में होंगी। ऐसे में चुनावी वर्ष में हजारों पदों पर भर्तियां होंगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा।
स्टाफ नर्स आयुर्वेद भर्ती के लिए आज से आवेदन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग स्टाफ नर्स आयुर्वेद (पुरुष/महिला) के 300 पदों पर भर्ती के लिए चार सितंबर को विज्ञापन जारी कर देगा। इसी के साथ सोमवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऑनलाइन आवेदन करने और ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि चार अक्तूबर होगी। उत्तर प्रदेश आयुष (आयुर्वेद) विभाग के तहत जिन 300 पदाें पर भर्तियां होनी हैं, उनमें स्टाफ नर्स आयुर्वेद (पुुरुष) के 48 पद और स्टाफ नर्स आयुर्वेद (महिला) के 252 पद शामिल हैं। वहीं, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी के 54 पदों और विभिन्न विषयों में होम्योपैथिक प्रोफेसर के 27 पदों पर भर्ती के लिए भी इसी माह विज्ञापन जारी करने की तैयारी है।