प्रयागराज। धूमनगंज के उमरपुर नीवा गांव में मंगलवार तड़के पड़ोसी के घर में घुसे युवक अजय भारती की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में और उसके चार लोगों को नामजद करते हुए तीन को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त डंडे और रॉड बरामद हो गए हैं।
उमरपुर नीवा गांव का रहने वाला अजय भारती मजदूरी कर जीवन यापन करता था। सोमवार की रात वह खाना खाकर घर में सोया था। रात करीब 3:00 बजे पड़ोसी के घर के पास हो-हल्ला शुरू हुआ तो घरवाले जाग गए। पड़ोस के लोग अजय को अपने घर के पास-लाठी डंडे से बेरहमी से पीट रहे थे। पड़ोसियों ने अजय को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई। घबराए घरवालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंच गई। घरवालों की तहरीर पर पड़ोस के रोशन, साधु और मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर धूमनगंज शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अजय के पिता सीताराम की तहरीर पर रोशन साधु, अमर और मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अमर के अलावा सभी गिरफ्तार हैं, उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अमर की तलाश में दबिश दी जा रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक मामला आशनाई से जुड़ा है। अजय पहले से ही शादीशुदा था। उसका एक बच्चा भी है। रात में अजय किसी से मिलने के लिए निकला था, तभी पड़ोसियों ने उसे देख लिया और उस पर हमला कर दिया।