अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। भोर में आई जबरदस्त आंधी और बारिश का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा। बुधवार भोर में आंधी की वजह से बारा के मदरहा गांव में ट्रैक पर करीब आधा दर्जन पेड़ गिर गए। इसकी वजह से मुंबई रूट तकरीबन दो घंटे बाधित रहा। आंधी की वजह से इलाहाबाद जंक्शन पर ओएचई लाइन ट्रिप होने से कई ट्रेनें प्रभावित हुईं तो कई ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं।
बुधवार भोर में आई जबरदस्त आंधी का सबसे ज्यादा असर बारा में रहा। यहां मदरहा गांव में रेलवे ट्रक पर जगह-जगह पेड़ गिर गए। इसकी वजह से भोर में तकरीबन दो घंटे मुंबई रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप रहा। इसका असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ा और मुंबई की ओर से आने वाली कई ट्रेनें घंटों देरी से जंक्शन पहुंची। जंक्शन पर ओएचई लाइन टूटने से गंगा कावेरी, सारनाथ, त्रिवेणी, बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हुईं। आंधी की वजह से इलाहाबाद मंडल में हावड़ा-राजधानी, अपडाउन पटना-राजधानी, दिल्ली दूरंतो, रीवा, पटना-सिकंदराबाद एक्सप्रेस समेत दजर्नभर ट्रेेनें रास्ते में जहां-तहां खड़ी हो गईं।
00
इलाहाबाद से आनंद विहार के लिए विशेष ट्रेन
इलाहाबाद (ब्यूरो)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर इलाहाबाद से आनंद विहार टर्मिनस (दिल्ली) के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इलाहाबाद से गाड़ी संख्या 04117 चार जून से दो जुलाई के बीच प्रत्येक शनिवार को तथा आनंद विहार से गाड़ी संख्या 04118 पांच जून से तीन जुलाई तक प्रत्येक रविवार को रवाना होगी। ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 18, एक स्लीपर, थर्ड एसी के एक कोच समेत दो एसएलआर कोच होंगे। चार जून से प्रत्येक शनिवार रात 8.30 बजे इलाहाबाद से रवाना होकर यह ट्रेन रविवार सुबह छह बजे आनंद विहार पहुंचेगी, जबकि आनंद विहार से उसी दिन सुबह 7.50 बजे चलकर शाम 05.20 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी।