औद्योगिक थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव निवासी मोहित कुमार (19) पुत्र चिरौंजी लाल की हत्या अवैध संबंध बनाते हुए पकड़ जाने पर की गई थी। आरोपी चचेरे भाई और भाभी ने पुलिस की पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं एफआईआर में तीसरे आरोपी उसके बहनोई त्रिभुवन की भूमिका की जांच की जा रही है। हत्या का सही कारण स्पष्ट हो, इसके लिए मृतक का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बता दें कि मोहित का शव बीते तीन जनवरी को घर से 200 मीटर दूर नाले में मिला था। वह दो जनवरी को घर से काम के लिए निकला था, लेकिन लौट कर घर नहीं पहुंचा था। वह औद्योगिक इकाइयों में पल्लेदारी का काम करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण विसरा सुरक्षित किया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने और पेट में गंदा पानी पाया जाना बताया गया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस घटनास्थल के आसपास के कैमरों की फुटेज को खंगाली थी। फुटेज में उसके चचेरे भाई विजय राज व भाभी सतरूपा की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।
शनिवार को पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकारते हुए बताया कि गला दबाकर मोहित हत्या की गई थी। इसके बाद शव को रात के अंधेरे में नाले में फेंक दिया गया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक का उसके भाभी के साथ अवैध संबंध था। दो जनवरी की शाम को जब विजय राज घर पहुंचा तो वहां मृतक और उसकी पत्नी मौजूद थी। दोनों के कपड़े अस्त-व्यस्त थे।
विवाद होने पर उन्होंने मिलकर मोहित की हत्या कर दी और रात के अंधेरे में शव को घर के पास नाले में ले जाकर फेंक दिया था।
मृतक के भाई रमा शंकर ने विजय राज के बहनोई त्रिभुवन पर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेराफेरी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुन: पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी। पुलिस ने रमा शंकर की तहरीर पर चचेरे भाई विजय राज, भाभी सतरूपा और बहनोई त्रिभुवन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। एसओ औद्योगिक क्षेत्र विपिन कुमार पाल ने बताया कि पूछताछ में अवैध संबंध की बात आरोपियों ने स्वीकारी है। तीसरे आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।
मोहित की मौत का कारण अस्पष्ट होने के कारण उसके शव को दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एसओ औद्योगिक क्षेत्र विपिन कुमार पाल ने बताया कि डीसीपी यमुनापार को पत्र लिया गया है। आदेश मिलते ही शव को जमीन से निकलवाकर दोबार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। संवाद