मेजा में हुए तिहरे हत्याकांड के पीड़ितों को आर्थिक सहायता के रूप में 15 लाख रुपए का चेक देते औद
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बृहस्पतिवार को मेजा के नीबी कुकुरकटवा गांव में तिहरे हत्याकांड के पीड़ितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दूसरे दिन उन्होंने पीड़ितों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से स्वीकृत 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक साैंपा। इसके अलावा परिवार के पांच सदस्यों के नाम से आवंटित भूमि के पट्टा अभिलेख भी सौंपे गए हैं।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तिहरे हत्याकांड को लेकर बेहद गंभीर हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा और पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले बुधवार को पीड़ित परिवार ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी आपबीती बताई थी। डीएम ने बताया कि पीड़ितों में पांच लोगों को पट्टे की जमीन स्वीकृति कर दी गई है। पट्टे की भूमि मेजारोड के समीप खानपुर, सोरांव या अन्य स्थानों पर भी ली जा सकती है। पीड़ित राम निरंजन गुप्ता, रामरति, नेब्बूलाल, मुकेश और सरस्वती देवी के नाम से पट्टे की जमीन स्वीकृति की गई है।
इस मौके पर डीसीपी यमुनानगर विवेक चन्द्र, एसडीएम मेजा नीलम उपाध्याय, नाथू गुप्ता, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, लोकपति गुप्ता और रवि गुप्ता आदि रहे।
मेजारोड में व्यापारियों से मिलकर मंत्री ने लिया हालचाल
नीबी कुकुरकटवा गांव से लौटते वक्त मंत्री नंदी ने मेजारोड चौराहे पर व्यापारी नेता नागर गुप्ता के घर पर कार्यकर्ताओं का हालचाल लिया। उन्होंने व्यापारियों से भी मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना। मौके पर भाजपा नाथू गुप्ता, नागर गुप्ता, सिंटू सेठ, कल्लू केशरी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।