राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता शाक्या की अध्यक्षता में महिला मोर्चा प्रयागराज कार्यकारिणी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रणनीति तय की गई।
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व केंद्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं एवं दोनों ही सरकार द्वारा किए गए कार्यों का ब्यौरा घर-घर पहुंचेगा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य गीता शाक्या ने यह जिम्मेदारी शुक्रवार को महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को सौंपी। प्रयागराज भाजपा महिला कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ महिलाएं ही हैं जो घर-घर जाकर लोगों की रसोई तक पहुंच सकती हैं। इसलिए मिशन 2022 को सफल बनाने के लिए महिला कार्यकर्ता पूरी तन्मयता से जुट जाएं।
विज्ञापन
सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में तकरीबन छह माह का ही वक्त रह गया है। ऐसे में अब सब आपस में मिलकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। बैठक में पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार से शुरू किए गए सेवा सप्ताह कार्यक्रम के दौरान किए जाने वाले कार्यों की रणनीति भी बनी। कहा गया कि इस अवधि में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह में हमें सिर्फ लोगों की सेवा ही करनी है। इसलिए वृद्धाश्रम में जाकर फल वितरण, साफ सफाई अभियान ज्यादा से ज्यादा चले। दो अक्तूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत वार चौपाल लगाने पर भी निर्णय लिया गया। कहा कि इस अवधि में नौकरीशुदा और व्यवसायिक गतिविधियों में जुटी महिलाओं को भी सम्मानित करने का काम किया जाए।
विज्ञापन
इसके पूर्व कार्य समिति की बैठक में कोरोना के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाली 71 महिलाओं को सम्मानित किया गया। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शिखा रस्तोगी ने की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. कीर्तिका अग्रवाल, प्रदेश मंत्री कविता यादव त्रिपाठी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी वर्षा जायसवाल ने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केक भी काटा गया। इस अवसर पर रीता सिंह, विजय लक्ष्मी सिंह, सुमन गोस्वामी, संगीता गोस्वामी, रीता पासी, अंजली गोस्वामी, अर्चना शुक्ला, वंदना सिंह, काजल कैथवास, आभा सिंह आदि की मौजूदगी रही।