रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी गिरफ्तार न होने पर फूटा गुस्सा
विज्ञापन
सीओ ने 24 घंटे का समय लेकर भाजपाइयों को कराया शांत
शाही। युवती को अगवा कर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के शाही में खुलेआम घूमने पर भाजपाइयों को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं ने परिजन के साथ शाही थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। एसओ उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह गिरफ्तारी होने तक कोई बात भी सुनने को तैयार नहीं थे। करीब एक घंटे बाद मामले की जानकारी मिलने पर सीओ ने थाने में धरने पर बैठे लोगों से फोन पर बात की और उन्हें 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
कस्बा की छात्रा को दूसरे समुदाय का एक युवक सभासद की मदद से अगवा करके ले गया था। आरोप है कि छात्रा का धर्म परिवर्तन करा दिया गया है। इस मामले में शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। आरोपियों के कस्बा में खुलेआम घूमने पर गुस्साए परिजन ने शुक्रवार शाम छह बजे शाही थाने पहुंचकर पुलिस से कड़ा एतराज जताया। इसके कुछ ही देर में भाजपा की जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष वीरपाल मौर्य, शाही मंडल अध्यक्ष शिवम शर्मा, भाजपा सभासद नरेश पंडित सहित तमाम भाजपाई दर्जनों लोगों के साथ थाने पहुंच गए। आरोपियों के कस्बों में खुलेआम घूमने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए थाने में ही कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक थाने में हंगामा चलता रहा।
थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित अन्य स्टाफ उन्हें समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ रहे और उनके गिरफ्तार न होने तक थाने में धरने पर बैठे रहने की बात कही। करीब एक घंटे बाद सीओ ने फोन पर बात कर उनसे 24 घंटे का समय मांगा। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।