इलाहाबाद। डिब्रूगढ़ से दिल्ली जा रही गाड़ी संख्या 14055 ब्रह्मपुत्र मेल के ड्राइवर को आज नैनी स्टेशन के पास झटका लगा। झटका लगने की सूचना ड्राइवर ने तत्काल कंट्रोल रूम को दे दी। यह सूचना मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। ट्रेन संचालन रोक कर मौके पर ट्रैक की जांच के लिए कर्मचारी भेज दिए गए। सब कुछ ओके होने के बाद ही इस रूट पर ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका।
बृहस्पतिवार की शाम ब्रह्मपुत्र मेल नैनी जंक्शन से शाम 7.50 बजे इलाहाबाद के लिए चली। स्टेशन से कुछ दूर बढ़ने के बाद ट्रेन ड्राइवर को कुछ झटके महसूस हुए। कोई अनहोनी न हो इसके लिए ड्राइवर ने यह सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दे दी। सूचना मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। क्योंकि मंगलवार की रात ही मध्य प्रदेश के हरदा में एक बड़ा रेल हादसा हुआ था।
रात 8.06 बजे ट्रेन के जंक्शन पहुंचने के बाद रेल प्रशासन ने ट्रैक की जांच के लिए पीडब्ल्यूआई को एक टीम के साथ जांच के लिए भेज दिया। ट्रैक का निरीक्षण के बाद पीडब्ल्यूआई ने ओके कर दिया। इसके बाद ही इस रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान गुवाहाटी राजधानी, रीवा एक्सप्रेस समेत कुछ अन्य ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों पर रोक लिया गया। इस बारे में सीपीआरओ बिजय कुमार का कहना है कि ड्राइवर की सूचना के बाद ट्रैक की जांच करवाई गई। निरीक्षण में सब कुछ ठीक मिला।