फूलपुर के अतरसुया प्रतापपुर में आयोजित विद्यालय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियो
अतरसुया प्रतापपुर में आयोजित विद्यालय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता में कुल नौ टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में कक्षा 12-बी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।
उद्घाटन मैच कक्षा 12-ए और 12-बी के बीच खेला गया। छह ओवर के इस मुकाबले में 12-ए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए 12-बी की टीम ने कप्तान अमन यादव के नेतृत्व में पांच ओवर में 32 रन बनाकर जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में कक्षा 11-ए और 11-बी आमने-सामने रहीं जिसमें 11-ए के कप्तान राम सिंह पटेल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं, तीसरा मुकाबला कक्षा 10-ए और 10-बी के बीच खेला गया जिसमें 10-बी की टीम ने जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल चरण में कड़े संघर्ष के बाद कक्षा 10-ए ने फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, कक्षा 12-बी और 11-ए के बीच खेले गए सेमीफाइनल में 12-बी की टीम ने जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में 12-बी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विरोधी टीम 20 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस तरह कक्षा 12-बी ने प्रतियोगिता में विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कप्तान अमन यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक भोला पाल ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।