आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ मामले में जांच एजेंसियों को एक अहम जानकारियां मिली हैं। पता चला है कि आातंकी मॉड्यूल का मास्टरमाइंड प्रयागराज का रहने वाला हुमैद उर रहमान पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के सीधे संपर्क में था। अब तक कि जांच में लगभग साफ हो गया है कि उसने ही दिल्ली में रहने वाले अपने भतीजे ओसाम उर्फ शामी और करेली के जीशान कमर को मस्कट भेजकर आईएसआई एजेंटों से मिलवाया। जिसके बाद उन्हें पाकिस्तान ले जाकर ट्रेनिंग दी गई।
हुमैद उर रहमान करेली के वासिहाबाद में मदरसा चलाने वाले मुफ्ती सैफुर्ररहमान का भाई है। मुफ्ती के छह भाइयों में वह तीसरे नंबर पर है। उसके एक भाई ओसैदुर्ररहमान दिल्ली में रहते हैं और उनका ही बेटा ओसामा दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। हुमैद खजूर का व्यापार करता है और उसने ही अपने व्यापार में जीशान और लखनऊ के आमिर जावेद को भी जोड़ लिया था।
जांच एजेंसियों की पड़ताल में सामने आया है कि हुमैद ने ही जीशान और अपने भतीजे ओसामा को पाकिस्तान भेजकर उनकी ट्रेनिंग कराई। वह आईएसआई के सीधे संपर्क में था। उसने ओसाम व जीशान को पहले ओमान के मस्कट भेजा। वहां आईएसआई के खुफिया एजेंट उनसे मिले। इसके बाद एजेंट ही दोनों को समुद्र के रास्ते से ग्वादर पोर्ट पर ले गए और इसके बाद उन्हें विस्फोटक और बम बनाने की ट्रेनिंग दी गई।