विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्यापकों की नियुक्ति तथा कॅरियर एडवांसमेंट स्कीम के अंतर्गत प्रमोेशन में एकेडमिक परफार्मेंस इंडेक्स (एपीआई) का खेल नहीं चलेगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने मान्य जरनल की सूची जारी कर दी है। इनमें छपे लेख तथा शोध पत्रों पर ही अंक दिए जाएंगे।
अध्यापकों की नियुक्ति और प्रमोशन की मेरिट निर्धारण में एपीआई स्कोर मुख्य आधार होता है। इसके अंतर्गत सेमिनार, कार्यशाला में शोधपत्र प्रस्तुत करने के अलावा जरनल में छपे पेपर पर अंक दिए जाते हैं लेकिन इसमें बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा की शिकायत हुई थी। बिना मानक के मोहल्ले-मोहल्ले में जरनल छपने लगे। इन शिकायतों के मद्देनजर यूजीसी ने जरनल की सूची जारी की है। इसमें अलग-अलग विषय के 38653 जरनल शामिल किए गए हैं। इनमें छपे लेख पर अंक दिए जाएंगे।
प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 12460 पदों के लिए 98570 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 41335 ने आवेदन भी कर दिया है। इनमें 4328 दिव्यांग हैं। यह संख्या बृहस्पतिवार सुबह तक की है। शाम तक यह संख्या एक से अधिक होने की बात कही जा रही है। इसी तरह से सहायक अध्यापक उर्दू के 4000 पदों के लिए 20244 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 7371 ने आवेदन कर दिया है। इनमें 493 दिव्यांग अभ्यर्थी हैं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा ने स्टॉफ नर्स के 3838 पदों के लिए बृहस्पतिवार को विज्ञापन जारी कर दिया। आवेदन 13 फरवरी तक किया जा सकेगा। चयन सिर्फ लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। वस्तुनिष्ठ आधारित पेपर में कुल 170 प्रश्न होंगे। इनमें नर्सिंग के 120, सामान्य अध्ययन के 30 और सामान्य हिन्दी के 20 प्रश्न होंगे। पेपर कुल 85 अंक का होगा। इस तरह से हर प्रश्न पर आधा अंक निर्धारित है।