लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में युवराज सिंह की वापसी पर बृहस्पतिवार को उनकी मां शबनम सिंह गंगापूजन करने के लिए संगम की रेती पर पहुंचीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अक्षयवट मार्ग पर स्थित गंगा सेना के शिविर में गंगापूजन किया और आरती उतारी। बाद में उन्होंने त्रिवेणी बांध स्थित बड़े हनुमान मंदिर में लेटे हुए हनुमान का दर्शन, पूजन भी किया।
बेटे जोरावर सिंह के साथ संगम क्षेत्र पहुंचीं युवराज सिंह की मां शबनम सिंह ने ‘अमर उजाला’ से खास मुलाकात में खुशियां साझा कीं। बोलीं, युवराज की टीम में वापसी हम सभी के लिए सुखद है। गंगा मइया ने युवराज को यह सौभाग्य और मेरे परिवार को खुशी दी है। अब गंगा मइया से प्रार्थना है कि युवराज टीम इंडिया के लिए बहुत शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचे।
गंगा सेना प्रमुख और योगगुरु स्वामी आनंद गिरि ने भी युवराज के बेहतर प्रदर्शन के लिए गंगा और लेटे हनुमानजी से प्रार्थना की। कहा, युवराज प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। देश को उनसे तमाम उम्मीदें हैं। कामना है कि वह फिर अपने शानदार प्रदर्शन से उपलब्धियां अर्जित करें और करोड़ों खेलप्रेमियों का दिल जीतें।